खतरनाक है चलती ट्रेन से चढ़ना और उतरना

Updated:1 year, 7 months ago

रेल यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रेलवे सुरक्षा बल यानी आरपीएफ सदैव तत्पर रहती है, ताकि यात्री निश्चिंत होकर अपनी यात्रा कर सकें और उनका सफर सुरक्षित और आरामदायक बने। आरपीएफ के जवान रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में सतर्कता से अपनी ड्यूटी निभाते हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके। ऐसी ही एक मिसाल 8 नवंबर 2024 को अहमदाबाद रेलवे स्टेशन पर देखने को मिली। यहां ड्यूटी के दौरान आरपीएफ के एएसआई अजय पाल सिंह ने देखा कि एक महिला यात्री चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश कर रही थी और अचानक फिसल गईं। महिला की जान को खतरे में देख एएसआई अजय पाल सिंह ने बिना वक्त गंवाए साहस और सतर्कता का परिचय दिया। उन्होंने तुरंत महिला को ट्रेन के पास आने से पहले खींचकर बचा लिया। इस तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया। महिला यात्री को कोई चोट नहीं आई, लेकिन यह घटना यात्रियों के लिए एक बड़ा संदेश जरूर छोड़ गई। यह घटना इस ओर ध्यान आकर्षित करती है कि चलती ट्रेन में चढ़ना या उतरना कितना खतरनाक हो सकता है। कई बार जल्दबाजी या लापरवाही के कारण यात्री ऐसी जोखिम भरी हरकत करते हैं, जो उनके जीवन के लिए घातक साबित हो सकती है। यह यात्रियों की भी जिम्मेदारी है कि वे अपने व्यवहार में सावधानी बरतें और अपनी यात्रा को सुरक्षित बनाएं। याद रखें, चलती ट्रेन से चढ़ना और उतरना खतरनाक है।

Related Video

iocl